बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एनडीए (NDA) में सीट बंटवारे का पेच अब सुलझने के करीब है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा और उसके सहयोगी दलों के बीच सीटों को लेकर लगभग सहमति बन चुकी है। संभावना है कि रविवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
शनिवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में बिहार कोर ग्रुप की आठ घंटे लंबी मैराथन बैठक हुई। इस बैठक में भाजपा के हिस्से की करीब 100 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर गहन मंथन किया गया।
NDA में नया सीट बंटवारा फॉर्मूला तय:
सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने नया फॉर्मूला पेश किया है जिसके तहत पार्टी जदयू से एक सीट कम लेने को तैयार है। प्रस्तावित सीट बंटवारा इस प्रकार है —
- जदयू (JDU): 101 सीटें
- भाजपा (BJP): 100 सीटें
- लोजपा-आर (चिराग पासवान): 26 सीटें
- हम (जीतन राम मांझी): 8 सीटें
- आरएलएम (उपेंद्र कुशवाहा): 5 सीटें
हालांकि चिराग पासवान ने कुछ सीटों पर अपनी दावेदारी जताई है, लेकिन सहमति के आसार हैं। वहीं मांझी और कुशवाहा को मनाने की कोशिशें जारी हैं।
भाजपा ने उम्मीदवारों की सूची पर किया मंथन:
भाजपा ने अपने हिस्से की सीटों पर संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार कर ली है। बैठक में राज्य इकाई द्वारा भेजे गए नामों पर विचार-विमर्श के बाद कई सीटों पर दो-दो नाम तय किए गए।
सूत्रों के मुताबिक, सत्ता विरोधी लहर को रोकने के लिए भाजपा नए और युवा चेहरों को आगे लाने की योजना बना रही है। अनुमान है कि एक-तिहाई मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं मिलेगा, जबकि कुछ की सीटें बदली जा सकती हैं।
हारी हुई सीटों पर खास रणनीति:
पिछले चुनाव में भाजपा 110 सीटों पर लड़ी थी, जिनमें से 36 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था। इन सीटों पर विशेष समीक्षा की गई है। पार्टी ने तय किया है कि लगातार दो बार हार चुके उम्मीदवारों को टिकट नहीं दिया जाएगा।
इसके अलावा, करीबी मुकाबले वाली सीटों पर भी नया चेहरा उतारने की तैयारी है। भाजपा का लक्ष्य इस बार संगठन को मजबूत कर युवाओं और नए मतदाताओं को आकर्षित करना है।
क्या बोले पार्टी नेता?
बैठक से पहले भाजपा बिहार अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “राजग (NDA) में सब कुछ ठीक है। सीट बंटवारे को लेकर रविवार तक अंतिम घोषणा कर दी जाएगी।”



