फिल्म ‘एनिमल’ में रणबीर कपूर और अनिल कपूर की जोड़ी को दर्शकों ने खूब सराहा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि शूटिंग शुरू होने से पहले रणबीर काफी मायूस थे? हाल ही में अनिल कपूर ने इस बारे में एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है।
अनिल कपूर हाल ही में FICCI के एक इवेंट में पहुंचे, जहां उन्होंने बताया कि रणबीर कपूर फिल्म की शूटिंग शुरू करने से पहले निराश दिख रहे थे। अनिल के मुताबिक, रणबीर ‘शमशेरा’ की असफलता से दुखी थे और खुद पर भरोसा खो चुके थे।
अनिल कपूर बोले – ‘सब भूल जाएंगे’
अनिल कपूर ने बताया, “रणबीर सेट पर आया और बोला कि ‘शमशेरा’ फ्लॉप हो गई, लोग मुझे कैसे देख रहे होंगे?’ मैंने उससे कहा कि ये सब बीत जाएगा, कल तक सब भूल जाएंगे। ये सब बातें सिर्फ तुम्हारे दिमाग में हैं, बाकी कोई इतना नहीं सोच रहा।”
इसके बाद अनिल कपूर ने रणबीर को शूट के दौरान मोटिवेट किया और दोनों ने साथ में एक फोटोशूट भी किया। अनिल ने कहा कि वह रणबीर की प्रतिभा पर भरोसा करते थे और उन्हें यकीन था कि ‘एनिमल’ उनकी वापसी साबित होगी।
अनिल कपूर बोले – ‘सफलता हमारे हाथ में नहीं’
अनिल कपूर ने आगे कहा, “सफलता और असफलता हमारे हाथ में नहीं होती। हमें बस ईमानदारी से अपना काम करना चाहिए। देखिए, ‘एनिमल’ ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया और ‘शमशेरा’ को सब भूल गए।”
अनिल कपूर ने कहा कि उन्होंने अपने 45 साल के करियर में हमेशा मेहनत और ईमानदारी को ही प्राथमिकता दी है।







