18 साल से सड़क नहीं बनी तो भड़के ग्रामीण, किया नेशनल हाईवे जाम

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर। जिले के तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र के मानिकपुर, धुमा और सिलपहरी गांव के ग्रामीणों का सब्र आखिर टूट गया। 18 साल से टूटी-फूटी सड़क पर चलने की मजबूरी ने सोमवार को उनके आक्रोश को सड़क पर उतार दिया। ग्रामीणों ने ढेका के पास नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और आश्वासन देने के बाद दो घंटे की समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र की सड़कें पिछले डेढ़ दशक से पूरी तरह जर्जर हैं। सड़क निर्माण की मांग कई बार की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। बारिश के मौसम में सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। वहीं गर्मियों में धूल और गड्ढों से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। लगातार धूल और गंदगी के कारण ग्रामीणों में बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि बीते नौ महीने से अधिकारी सिर्फ मरम्मत का वादा कर रहे हैं, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। इससे नाराज होकर सोमवार सुबह सैकड़ों ग्रामीण ढेका चौक पहुंचे और नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक हाइवे पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। इस दौरान बिलासपुर से मस्तूरी, जांजगीर-चांपा और रायपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई लोग अपने काम और इलाज के लिए शहर जा रहे थे, लेकिन ग्रामीणों ने दोपहिया वाहन और पैदल चलने वालों को भी रोक दिया। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जल्द सड़क निर्माण शुरू करने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम हटाया गया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment