अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी गैंगस्टर ड्रामा फिल्म ‘निशानची’ 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। लेकिन रिलीज के दो दिन बाद भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से पस्त नजर आ रही है।

बॉक्स ऑफिस पर खराब शुरुआत
पहले दिन यानी शुक्रवार को फिल्म ने केवल 9 लाख रुपये की कमाई की। वहीं, शनिवार को थोड़ी बढ़ोतरी हुई और फिल्म ने महज 25 लाख रुपये का बिजनेस किया। इस तरह से फिल्म का कुल कलेक्शन सिर्फ 34 लाख रुपये रहा।

दूसरे दिन भी नहीं मिली राहत
दो दिनों में ही यह साफ हो गया कि फिल्म दर्शकों को लुभाने में नाकाम साबित हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 25 करोड़ रुपये है, जबकि अब तक की कमाई बेहद निराशाजनक रही है।

नए कलाकारों की एंट्री
‘निशानची’ के जरिए ऐश्वर्य ठाकरे (बालासाहेब ठाकरे के पोते) ने बॉलीवुड में डेब्यू किया है। उनके साथ वेदिका पिंटो, मोनिका पंवार, मोहम्मद जीशान अय्यूब और कुमुद मिश्रा ने भी महत्वपूर्ण किरदार निभाए हैं।

कहानी की झलक
फिल्म की कहानी जुड़वा भाइयों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनके मूल्यों में जमीन-आसमान का अंतर है। यह फिल्म भाईचारे, विश्वासघात, प्रेम और मुक्ति जैसे पहलुओं को छूती है। साथ ही इसमें एक्शन, रोमांस, कॉमेडी और ड्रामा का तड़का भी डाला गया है।



