छत्तीसगढ़ में कथित न्यूड पार्टी पोस्टर से मचा हंगामा, कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने, गृहमंत्री ने पुलिस को दिए कड़े निर्देश

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर | राजधानी रायपुर में कथित न्यूड पार्टी पोस्टर (Nude party poster) वायरल होते ही सियासी संग्राम तेज हो गया है। कांग्रेस ने इसे प्रदेश की संस्कृति पर हमला बताते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वहीं, भाजपा सरकार के मंत्रियों ने साफ कहा है कि इस तरह के आयोजनों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आयोजक या प्रायोजक चाहे कोई भी हो, सख्त कार्रवाई होगी।

कांग्रेस का आरोप

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि राजधानी में ऐसे आयोजन लगातार हो रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत के बिना ऐसे कार्यक्रम संभव नहीं हैं।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश में कानून का डर खत्म हो गया है, इसलिए यहां महानगरों जैसी गलत परंपराओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि यह न केवल सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों पर चोट है, बल्कि प्रशासन की लापरवाही का उदाहरण भी है। कांग्रेस ने एसएसपी को ज्ञापन देकर ऐसे आयोजनों के संरक्षण में जुड़े सफेदपोशों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बजरंग दल की प्रतिक्रिया

बजरंग दल विभाग संयोजक रवि वाधवानी ने कहा कि ऐसे आयोजनों के पीछे किसका संरक्षण है, इसकी जांच होनी चाहिए। यदि पुलिस ने कड़ा कदम नहीं उठाया तो बजरंग दल अपने स्तर पर क्लबों को बंद कराएगा।

मंत्रियों का बयान

गृहमंत्री विजय शर्मा ने पुलिस को पूरे मामले की जांच करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पर्यटन व संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के पोस्टर प्रदेश की संस्कृति को आहत करते हैं, आयोजक या प्रायोजक कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि भारत संतों और ऋषियों का देश है, यहां ऐसे आयोजनों की जगह नहीं है। कांग्रेस इस मुद्दे को भी राजनीति से जोड़ रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment