रायपुर जिले के राजिम क्षेत्र में शिक्षा विभाग द्वारा लिए गए एक फैसले ने छात्राओं और अभिभावकों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। फिंगेश्वर कन्या शाला को समीपस्थ बॉयज स्कूल में मर्ज करने के आदेश के खिलाफ छात्राओं ने जोरदार विरोध दर्ज कराया।
छात्राओं का कहना है कि यह निर्णय उनकी पढ़ाई और सुरक्षा दोनों को प्रभावित करेगा। पहले भी वे इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर को ज्ञापन सौंप चुकी थीं, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने पर आखिरकार उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। शनिवार को छात्राओं ने राजिम–महासमुंद मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान दो घंटे तक यातायात पूरी तरह से ठप रहा।
पालक और कन्या शाला के शिक्षक भी इस आंदोलन में शामिल हुए। उनका मानना है कि कन्या शाला बंद होने से बेटियों की शिक्षा प्रभावित होगी। कई छात्राओं को दूर-दराज के स्कूलों तक जाना पड़ेगा, जिससे पढ़ाई छूटने का खतरा बढ़ जाएगा।
शिक्षा विभाग के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के बाद से कई स्थानों पर इसी तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई जगह अधिकारियों की मनमानी पर सवाल उठे हैं, तो कई स्थानों पर विद्यार्थियों का आक्रोश भी देखने को मिला है। राजिम का यह मामला उसी कड़ी का हिस्सा है, जिसने अब स्थानीय स्तर पर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है।
छात्राओं और पालकों का साफ कहना है कि वे चाहते हैं कि उनका स्कूल पहले जैसा ही चलता रहे। यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।







