कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। बीजेपी नेता और बैरकपुर से पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने विवादित बयान देते हुए कहा कि बंगाल में भी नेपाल जैसे हालात और जनविद्रोह की ज़रूरत है।
उनके इस बयान के बाद हड़कंप मच गया और बैरकपुर कमिश्नरेट के कई थानों में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई।
तृणमूल कांग्रेस का आरोप
तृणमूल कांग्रेस सांसद पार्थ भौमिक ने आरोप लगाया कि अर्जुन सिंह राज्य में हिंसा भड़काने और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हत्या की साजिश रचने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्तर 24 परगना ज़िले के विभिन्न थानों में अर्जुन सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
अर्जुन सिंह का पलटवार
बयान पर कायम रहते हुए अर्जुन सिंह ने कहा कि नेपाल के युवाओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जो आंदोलन किया, वह बंगाल के युवाओं के लिए भी मिसाल है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भी ऐसे ही व्यापक विद्रोह से भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए।
ममता बनर्जी पर बीजेपी का हमला
इस विवाद के बीच, केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री और बंगाल बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी बंगालियों के लिए सबसे हानिकारक हैं। मजूमदार ने आरोप लगाया कि ममता ने टिकट बंटवारे में बंगाली नेताओं को नज़रअंदाज कर गैर-बंगाली नेताओं जैसे कि कीर्ति झा आजाद, यूसुफ पठान और शत्रुघ्न सिन्हा को प्राथमिकता दी।



