गणपति विसर्जन हादसा: जशपुर में बोलेरो भीड़ में घुसी, 3 की मौत और 20 घायल, CM साय ने किया मुआवजे का ऐलान

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जशपुरनगर। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के जरूडाड गांव में मंगलवार रात करीब 10:30 बजे शोभा यात्रा के बीच एक तेज रफ्तार बोलेरो (सीजी 15 सीआर 1429) अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी। इस हादसे में एक महिला सहित 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 20 श्रद्धालु घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब डेढ़ सौ ग्रामीण गणपति विसर्जन शोभायात्रा में शामिल होकर डीजे की धुन पर नाचते-गाते चल रहे थे। तभी अचानक बोलेरो वाहन भीड़ में घुस गया। मृतकों की पहचान अरविंद करकेट्टा (19), विपिन प्रजापति (17) और खिरोवती यादव (32) के रूप में हुई है।

घायलों का इलाज और स्थिति

घायलों को तत्काल बगीचा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें से 18 गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। हादसे में शामिल बोलेरो चालक सुख सागर यादव को भी भीड़ ने पकड़कर पिटाई कर दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया और उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशि मोहन ने घटना स्थल पर पहुंचकर घायलों के उपचार की जानकारी ली। इस बीच, मृतकों का पोस्टमार्टम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री का ऐलान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा और घायलों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। सीएम ने ट्वीट कर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

2021 की याद दिलाता हादसा

जशपुर जिले में यह कोई पहला मामला नहीं है। वर्ष 2021 में पत्थलगांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान गांजा से भरी एक चारपहिया वाहन भी भीड़ में घुस गई थी। उस घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गई थी और दर्जनों लोग घायल हो गए थे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment