बालाघाट।मध्यप्रदेश में सड़क हादसों के दौरान घायलों की मदद करने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए चलाई जा रही राहवीर योजना के तहत मोहगांव मलाजखंड निवासी डॉ. अंकित असाटी को 25 हजार रुपये का इनाम देने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
दरअसल, 13 अगस्त 2025 की रात 11 बजे मलाजखंड पौनी स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास कार क्रमांक सीजी-04-एनटी-7252 ने मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-28-एमई-0903 को टक्कर मार दी। इस हादसे में भीमलाट निवासी अक्षय तेकाम गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर तड़पता रहा। तभी मौके से गुजर रहे डॉ. अंकित असाटी ने बिना समय गंवाए तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरसा पहुंचाया।

बिरसा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अक्षय को बेहतर इलाज के लिए 108 एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय बालाघाट और वहां से आगे गोंदिया के सहयोग अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर मिले इलाज की वजह से अक्षय की जान बच गई और फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।
जिला परिवहन अधिकारी अनिमेष गढ़पाल ने बताया कि डॉ. अंकित असाटी की इस मानवीय पहल के लिए उनका नाम राहवीर योजना के तहत प्रोत्साहन राशि हेतु परिवहन आयुक्त भोपाल को भेजा गया है। शासन से मंजूरी मिलते ही उन्हें यह राशि प्रदान की जाएगी।
डॉ. अंकित की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के कारण एक युवक की जिंदगी बच सकी, जिसके लिए उन्हें अब समाजिक सराहना के साथ-साथ शासन की ओर से सम्मान भी मिलने जा रहा है।







