एशिया कप की शुरुआत से पहले ही मैचों के समय में बदलाव किया गया है। पहले मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे खेले जाने थे, लेकिन अब सभी मैच रात 8 बजे से शुरू होंगे। यह फैसला संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की तेज गर्मी को देखते हुए लिया गया है।
टूर्नामेंट का शेड्यूल और टीमें
एशिया कप 2025 का आगाज 9 सितंबर से होगा और फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी जिन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है।
- ग्रुप A – भारत, पाकिस्तान, यूएई, ओमान
- ग्रुप B – श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, हांगकांग
कुल 19 मुकाबले दुबई और अबू धाबी में खेले जाएंगे। भारत और पाकिस्तान दोनों ही एक ही ग्रुप में होने के कारण फैंस को हाई-वोल्टेज मैच का इंतजार रहेगा।
बीसीसीआई मेजबान
एशिया कप 2025 का आयोजन बीसीसीआई कर रहा है, हालांकि मुकाबले UAE में होंगे। इसकी वजह भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव है। दोनों देशों ने 2027 तक केवल तटस्थ स्थानों पर मैच खेलने पर सहमति जताई है। इससे पहले इसी साल मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी पाकिस्तान को मिली थी, लेकिन भारत ने अपने सभी मुकाबले दुबई में खेलकर खिताब जीता था।






