नई दिल्ली।आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 से पहले भारतीय युवा टीम के कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से फिर सनसनी मचा दी है। स्कॉटलैंड अंडर-19 के खिलाफ खेले गए वार्म-अप मुकाबले में उन्होंने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी टीमों को आने वाले खतरे का साफ संकेत दे दिया।
बुलावायो एथलेटिक क्लब में खेले गए इस मुकाबले में सूर्यवंशी ने सिर्फ 50 गेंदों पर 96 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 9 चौके और 7 छक्के निकले। खास बात यह रही कि उन्होंने महज 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
साझेदारियों से मजबूत हुई पारी
वैभव ने कप्तान आयुष म्हात्रे (19 गेंदों में 22 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़े। इसके बाद आरोन जॉर्ज (58 गेंदों में 61 रन) के साथ 78 रनों की अहम साझेदारी की। सूर्यवंशी शतक से भले ही चूक गए, लेकिन 96 रन की उनकी पारी ने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। मनु सारस्वत ने उन्हें आउट किया।
यूथ वनडे सीरीज में भी दिखा दम
वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में भारतीय अंडर-19 टीम ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका को यूथ वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। इस सीरीज में वैभव सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 68.66 की औसत और 187.27 के शानदार स्ट्राइक रेट से कुल 206 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा।
वार्म-अप मैच में भारत का बड़ा स्कोर
स्कॉटलैंड के खिलाफ वार्म-अप मुकाबले में भारतीय टीम ने 8 विकेट पर 374 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। विहान मल्होत्रा ने 77 रन और अभिज्ञान कुंडू ने 55 रनों की उपयोगी पारी खेली। स्कॉटलैंड की ओर से ओली जोन्स ने 4 विकेट लिए, हालांकि वह रन रोकने में सफल नहीं रहे।
ग्रुप ए में भारत
भारत अंडर-19 टीम अपना पहला विश्व कप मुकाबला 15 जनवरी को अमेरिका के खिलाफ खेलेगी। भारत को ग्रुप-ए में बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और अमेरिका के साथ रखा गया है। भारत अंडर-19 विश्व कप इतिहास की सबसे सफल टीम है और अब तक पांच बार खिताब अपने नाम कर चुकी है।







