सार
भारतीय शतरंज खिलाड़ी डी गुकेश ने सुपर यूनाइटेड रैपिड एंड ब्लिट्ज टूर्नामेंट में एक बार फिर दुनिया के टॉप ग्रैंडमास्टर मैग्नस कार्लसन को चौंकाते हुए मात दी है।
विस्तार
छठे राउंड में काले मोहरों के साथ खेलते हुए गुकेश ने कार्लसन को हराया। यह लगातार दूसरी बार है जब उन्होंने नॉर्वे के शतरंज दिग्गज को हराया है। इससे पहले उन्होंने नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के क्लासिकल राउंड में भी जीत दर्ज की थी। इस जीत के साथ गुकेश टूर्नामेंट में 10 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गए हैं।
रैपिड वर्ग में यह उनकी लगातार पांचवीं जीत है और अब उनके 12 में से 10 अंक हो चुके हैं। पोलैंड के जान-क्रिस्टोफ डुडा से वह दो अंक आगे चल रहे हैं, जबकि प्रतियोगिता में तीन राउंड अभी बाकी हैं।
इस हार के बाद मैग्नस कार्लसन ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा, “सच कहूं तो अब मुझे शतरंज खेलना उतना आनंददायक नहीं लग रहा। खेल के दौरान किसी भी तरह की लय महसूस नहीं हो रही और मेरा प्रदर्शन लगातार गिरता जा रहा है।”
उन्होंने गुकेश की प्रशंसा करते हुए कहा, “गुकेश शानदार खेल रहा है। इस स्तर पर लगातार पांच मुकाबले जीतना बहुत ही कठिन कार्य है। अभी टूर्नामेंट लंबा है लेकिन उसकी मौजूदा फॉर्म काबिले तारीफ है।”



