भारत का बांग्लादेश दौरा अधर में लटका, सरकार की सलाह के बाद दौरा टल सकता है

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

सार

भारत-बांग्लादेश के बीच होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार भारत सरकार ने बीसीसीआई को दौरा रद्द करने की सलाह दी है।

विस्तार

भारत और बांग्लादेश के बीच अगस्त में प्रस्तावित वनडे और टी20 सीरीज अब अधर में लटकती नजर आ रही है। मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और व्यापारिक तनाव के कारण भारत सरकार ने बीसीसीआई को इस दौरे पर विचार करने को कहा है। माना जा रहा है कि सुरक्षा और कूटनीतिक कारणों से भारतीय टीम इस दौरे पर न जाए।

सीरीज का आगाज़ 17 अगस्त से होना था, जिसमें पहले तीन वनडे और फिर तीन टी20 मैच खेले जाने थे। लेकिन सूत्रों के अनुसार सरकार की ओर से स्पष्ट संदेश है कि जब तक बांग्लादेश में राजनीतिक स्थिरता नहीं आती, तब तक दौरा टाल देना ही बेहतर होगा।

अब तक बीसीसीआई की चुप्पी

हालांकि बीसीसीआई ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन आंतरिक सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि बांग्लादेश की सुरक्षा स्थिति और मौजूदा अंतरिम सरकार को देखते हुए बीसीसीआई सतर्क रुख अपनाए हुए है। बांग्लादेश में इस समय अंतरिम सरकार का नेतृत्व मोहम्मद यूनुस कर रहे हैं और आम चुनाव की तारीख तय नहीं हुई है।

इंग्लैंड में व्यस्त है भारतीय टीम

फिलहाल भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर है, जहां वह 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है जो 4 अगस्त तक चलेगी। इसके बाद 17 अगस्त से बांग्लादेश के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज प्रस्तावित थी।

फैंस को रोहित-कोहली की जोड़ी देखने का करना होगा और इंतजार

अगर भारत का दौरा टलता है तो रोहित शर्मा और विराट कोहली के फैंस को निराशा हाथ लग सकती है। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, ऐसे में वो सिर्फ वनडे में ही नजर आएंगे। बांग्लादेश सीरीज में उनके खेलने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन दौरा टलने की स्थिति में उन्हें मैदान पर देखने का इंतजार लंबा हो सकता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment