रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। करीब एक दशक बाद नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में फिर से आईपीएल मुकाबलों का रोमांच देखने को मिल सकता है। जानकारी के मुताबिक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने इस स्टेडियम को अपने संभावित होम ग्राउंड के रूप में चुना है और यहां दो मुकाबले आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। यदि यह योजना साकार होती है तो रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों को लंबे समय बाद आईपीएल के लाइव मुकाबले देखने का मौका मिलेगा।
सूत्रों के अनुसार इन मैचों को और ज्यादा रोमांचक बनाने के लिए फ्रेंचाइजी की कोशिश है कि मुकाबले चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ आयोजित किए जाएं। ऐसा होने पर दर्शकों को एक ही मैदान पर विराट कोहली, एमएस धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को खेलते हुए देखने का अवसर मिल सकता है, जो क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी बड़े उत्सव से कम नहीं होगा।
संभावित आईपीएल मुकाबलों को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में सुविधाओं को बेहतर बनाने की तैयारी भी शुरू हो गई है। वीआईपी गैलरी को आधुनिक बनाने के साथ-साथ दर्शकों के अनुभव को बेहतर करने के लिए स्टेडियम में लगी बड़ी स्क्रीन को बदला जाएगा। इसके अलावा गोल्ड और सिल्वर श्रेणी की सीटों को अधिक आरामदायक और लग्जरी बनाने की योजना तैयार की गई है। अपर गैलरी में लगी दो स्क्रीन हटाने का प्रस्ताव भी है, जिससे लगभग 1500 अतिरिक्त सीटों की व्यवस्था की जा सकेगी। प्लेटिनम बॉक्स में लगे ग्लास को भी बदलकर इसे और आधुनिक रूप देने की तैयारी की जा रही है, जहां करीब 700 दर्शकों के बैठने की क्षमता है।
इसी के साथ छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि टीमों के अभ्यास के लिए स्टेडियम परिसर के बाहर अलग से एक प्रैक्टिस पिच भी तैयार की जाएगी। करीब 50 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में मैचों के आयोजन को लेकर फ्रेंचाइजी ने शहर के प्रमुख होटलों और अन्य सुविधाओं का भी सर्वे किया है। यदि सभी तैयारियां तय समय पर पूरी हो जाती हैं तो रायपुर में एक बार फिर आईपीएल का रोमांच लौटने की पूरी संभावना बन रही है।



