रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। मेटल पार्क के पास सड़क किनारे पड़ी एक बोरी से युवक का शव बरामद हुआ। बोरी खोलते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सिर पर गंभीर चोट के निशान
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या सिर कुचलकर की गई और फिर शव को बोरी में भरकर सुनसान जगह पर फेंक दिया गया। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम जुटी जांच में
घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
शव की पहचान की कोशिश
पुलिस ने शव की पहचान के लिए पड़ोसी थानों में मृतक की तस्वीर भेजी है। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 साल बताई जा रही है। इसके अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि कोई सुराग मिल सके।
हत्या कर शव ठिकाने लगाने की आशंका
पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और शव को बोरी में भरकर यहां लाकर फेंका गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या की आशंका काफ़ी मजबूत है और मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।



