दंतेवाड़ा: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और मंत्री केदार कश्यप ने आज दंतेवाड़ा प्रवास के दौरान एक अनोखी मिसाल पेश की। उन्होंने आत्मसमर्पित नक्सली महिलाओं से राखी बंधवाई और उनके सम्मान व सुरक्षा की प्रतिबद्धता दोहराई।
विजय शर्मा ने कहा, “जो माताएं और बहनें पहले नक्सली थीं और अब मुख्यधारा में लौट आई हैं, हम उन्हें समाज का हिस्सा मानते हैं। आज मंत्री केदार कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष, बस्तर कमिश्नर, बस्तर आईजी, दंतेवाड़ा कलेक्टर, दंतेवाड़ा एसपी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हम सब उनके साथ रक्षाबंधन मना रहे हैं। यदि कोई बहन समाज में लौटना चाहती है, तो हम उसकी सुरक्षा और आजीविका सुनिश्चित करेंगे।”
इस दौरान उन्होंने उन महिलाओं को शुभकामनाएं दीं जो पहले नक्सली गतिविधियों में शामिल थीं लेकिन अब पुनर्वास कार्यक्रम के तहत सामान्य जीवन जी रही हैं।
वहीं दूसरी ओर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी रक्षाबंधन के अवसर पर ब्रह्मकुमारी बहनों से राखी बंधवाई और सभी नागरिकों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।







