रायपुर (छत्तीसगढ़):
राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को भगाकर शादी करने के बाद तनाव इतना बढ़ गया कि युवक के पिता ने एयरगन से लड़की को गोली मार दी। इस चौंकाने वाली घटना में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अभी फरार है।
घटना शनिवार देर रात की है, जब युवक किशोर गाइन ने नाबालिग को भगाकर शादी कर ली। इसके बाद परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी किशोर के पिता कन्हाई गाइन ने गुस्से में आकर युवती पर फायर कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों में किशोर गाइन, उसका पिता कन्हाई गाइन और उसका मित्र विक्की उर्फ समर शामिल हैं। एक अन्य आरोपी राजा की तलाश जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल से एयरगन भी बरामद कर ली है और किशोर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता अभी नाबालिग है और उसे बहला-फुसलाकर भगाया गया था। शादी के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे यह घटना घटी।
टिकरापारा थाना पुलिस ने बताया कि जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।







