तेलंगाना के संगारेड्डी ज़िले के पाशमिलारम में फार्मा कंपनी में हुए भीषण धमाके में मृतकों की संख्या अब 40 तक पहुंच गई है। हादसे में अब तक ओडिशा के 9 और उत्तर प्रदेश के एक श्रमिक की मौत हो चुकी है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, पीड़ितों की पहचान का कार्य तेज़ी से चल रहा है और शवों को उनके परिवारों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।
यह धमाका 30 जून को एक रासायनिक संयंत्र में हुआ था, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। उत्तर प्रदेश के 48 वर्षीय श्रमिक की 70% से ज्यादा जलने के कारण शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, ओडिशा के 14 लोग इस हादसे से प्रभावित हुए हैं।
ओडिशा के नौ श्रमिकों की पुष्टि, शव सौंपे गए परिजनों को
ओडिशा सरकार के विशेष अधिकारी प्रीतिश पांडा के अनुसार, मृतकों में कटक, गंजम, नवरंगपुर, बालासोर और जाजपुर जिलों के श्रमिक शामिल हैं। डीएनए जांच से कटक निवासी पूर्ण चंद्र साहू की पहचान की गई। सभी शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं।
घायलों की हालत में सुधार
चार लोग इस हादसे में घायल हुए थे, जिनमें से दो को इलाज के बाद छुट्टी मिल गई है। गंजम निवासी समीर पाधी की हालत में सुधार है और उसे ICU से बाहर निकाल लिया गया है।
लापता लोगों की तलाश जारी
संगारेड्डी के कलेक्टर चंद्रशेखर बडुगु ने बताया कि शनिवार सुबह तक 19 लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा था। विस्फोट के बाद लापता 9 व्यक्तियों की तलाश अभी भी जारी है।
ओडिशा सरकार का मुआवजा ऐलान
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मृतक ओडिया श्रमिकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।



