देश में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को हुई परीक्षा को रद्द कर दिया है। अब यह परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। नई तारीखें जल्द जारी की जाएंगी। NTA ने बताया कि यह फैसला केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया है।
CBI करेगी पूरे मामले की जांच
पेपर लीक के आरोपों के बाद सरकार ने इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। CBI अब यह पता लगाएगी कि परीक्षा में गड़बड़ी कैसे हुई। NTA ने कहा है कि वह जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देगी और सभी जरूरी दस्तावेज व रिकॉर्ड उपलब्ध कराएगी।
छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा
NTA ने साफ किया है कि जिन छात्रों ने पहले परीक्षा दी थी, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। परीक्षा वही पुराने सेंटरों पर कराई जाएगी। नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे और फीस भी वापस की जाएगी।
8 मई से शुरू हुई थी जांच
NTA के अनुसार, इस मामले की शुरुआती जांच 8 मई 2026 को ही शुरू कर दी गई थी और कुछ संदिग्ध जानकारी पहले ही एजेंसियों को दी गई थी। अब जांच रिपोर्ट और सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।
पेपर लीक की आशंका कैसे सामने आई
जांच में दावा किया जा रहा है कि परीक्षा से पहले कुछ जगहों पर सवालों से मिलते-जुलते “गेस पेपर” छात्रों तक पहुंचे थे। राजस्थान में भी ऐसे दस्तावेज मिले, जो असली प्रश्नपत्र से काफी हद तक मेल खाते थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, सीकर में एक नेटवर्क के जरिए यह पेपर छात्रों तक पहुंचा। इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
720 में से 600 नंबर तक के सवाल मैच होने का दावा
जांच एजेंसियों का कहना है कि परीक्षा के लगभग 720 अंकों में से करीब 600 अंकों के सवाल पहले से उपलब्ध गेस पेपर से मिलते-जुलते पाए गए हैं। माना जा रहा है कि यह पेपर एक छात्र के जरिए कोचिंग और पीजी नेटवर्क तक पहुंचा, जिसके बाद यह कई छात्रों में फैल गया।
अब पूरे मामले की गहन जांच CBI कर रही है और आगे की कार्रवाई उसी के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।



