सियासत के मंच पर एक्टर विजय फंसे—बिना अनुमति रोड शो पर 3 FIR

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली/चेन्नई। चुनावी माहौल गरम है और इसी बीच फिल्म स्टार से नेता बने Vijay के लिए मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले उनके खिलाफ तीन अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। आरोप है कि उन्होंने अपनी पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कजगम (TVK) के प्रचार के दौरान नियमों की अनदेखी करते हुए बिना अनुमति रोड शो किए।

पुलिस और चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई फ्लाइंग स्क्वाड और चुनाव पर्यवेक्षकों की शिकायतों के बाद की गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि रोड शो के दौरान भारी भीड़ जुटी, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

एक मामला नुंगमबक्कम इलाके में दर्ज हुआ, जहां वल्लुवर कोट्टम के पास बिना अनुमति रोड शो करने का आरोप है। इस केस में विजय के साथ थाउजेंड लाइट्स सीट से उम्मीदवार जेसीटी प्रभाकरन का नाम भी शामिल है। वहीं पश्चिम माम्बलम में भी इसी तरह का मामला सामने आया, जहां टी नगर सीट से उम्मीदवार एन आनंद और दक्षिण चेन्नई के पदाधिकारी अप्पुनु को भी आरोपी बनाया गया है। इस शिकायत को फ्लाइंग स्क्वाड अधिकारी संतोष कुमार ने दर्ज कराया।

तीसरा मामला वेपेरी क्षेत्र से सामने आया है, जहां चुनावी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते हुए रोड शो आयोजित करने का आरोप लगा है। इस केस में एग्मोर सीट से उम्मीदवार राजमोहन के साथ विजय का नाम भी शामिल है।

अधिकारियों का कहना है कि चुनाव प्रचार के लिए अनुमति दी जाती है, लेकिन उसके साथ कुछ शर्तें भी तय होती हैं—जैसे भीड़ का नियंत्रण, रोड शो पर प्रतिबंध और आम जनता की आवाजाही में बाधा न हो। शुरुआती जांच में इन शर्तों के उल्लंघन की बात सामने आई है, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। चुनावी सरगर्मियों के बीच यह घटनाक्रम राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है और आने वाले दिनों में इसका असर भी देखने को मिल सकता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment