केंद्र ने दिया राघव को Z कैटेगरी सुरक्षा, दिल्ली-पंजाब में अर्धसैनिक बल तैनात

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चढ्ढा को केंद्र सरकार ने Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। यह फैसला गृह मंत्रालय द्वारा खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है, जिसमें उनकी सुरक्षा को लेकर संभावित खतरे की आशंका जताई गई थी।

सूत्रों के मुताबिक, अब चड्ढा को दिल्ली और पंजाब—दोनों जगहों पर अर्धसैनिक बलों की सुरक्षा मिलेगी। यह कदम उनकी सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

इस बीच, राजनीतिक गलियारों में एक और चर्चा तेज है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पंजाब सरकार ने पहले दी गई Z+ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली थी। हालांकि, इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, आम आदमी पार्टी के भीतर भी चड्ढा को लेकर सवाल उठे थे। पार्टी के कुछ नेताओं ने आरोप लगाया कि उन्होंने संसद में पंजाब से जुड़े अहम मुद्दों को प्रभावी ढंग से नहीं उठाया। इन मुद्दों में ग्रामीण विकास निधि के हजारों करोड़ रुपये लंबित होना, GST से जुड़े नुकसान और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के फंड की कमी जैसे विषय शामिल थे।

इसी विवाद के बीच, राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता के पद से भी हटा दिया गया था। हालांकि, इन आरोपों पर अपनी सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ एक संगठित अभियान चलाया जा रहा है।

चड्ढा ने कहा, “एक ही तरह के आरोप बार-बार लगाए जा रहे हैं। पहले मैंने सोचा कि जवाब देना जरूरी नहीं, लेकिन जब झूठ को बार-बार दोहराया जाता है, तो वह सच जैसा लगने लगता है।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब भी विपक्ष ने सदन से वॉकआउट किया, वह भी उसमें शामिल रहे। उन्होंने कहा कि संसद में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से सच्चाई सामने आ सकती है।

अपने अंदाज में जवाब देते हुए उन्होंने फिल्मी डायलॉग का सहारा लेते हुए कहा

“मैं घायल हूं, इसलिए और भी घातक हूं।”

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment