अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री, राज्य आंदोलनकारी जागेश्वर प्रसाद का जाना हाल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को अस्पताल पहुंचकर राज्य आंदोलनकारी और मीसा बंदी रहे जागेश्वर प्रसाद का हालचाल जाना।

जागेश्वर प्रसाद, जो लंबे समय से छत्तीसगढ़ी भाषा और समाज को जोड़ने के लिए सक्रिय रहे हैं, 29 मार्च को दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र के मोतीपुर गांव में किसानों को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक स्ट्रोक (हेड स्ट्रोक) आ गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य आंदोलनकारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल दुबे और उनके साथियों—श्यामू राम सेन एवं शिवनारायण ताम्रकार—ने तत्काल उन्हें रायपुर के नारायणा एमएमआई अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका सफल ऑपरेशन किया।

फिलहाल जागेश्वर प्रसाद की तबीयत में सुधार हो रहा है और वे स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उनके साथ अनिल दुबे, दीनदयाल वर्मा, आदर्श चंद्राकर, गणपति पटेल, मुकेश सोनकर और गोवर्धन वर्मा सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जागेश्वर प्रसाद का छत्तीसगढ़ी समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उनके स्वस्थ होने की सभी कामना कर रहे हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment