युवाओं को “आर्थिक दूत” बनने का मंत्र: बृजमोहन अग्रवाल ने MY Bharat Budget Quest में भरी नई ऊर्जा

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय-स्तरीय ‘MY Bharat Budget Quest’ का रायपुर में भव्य समापन हुआ। ‘MY Bharat छत्तीसगढ़’ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए उन्हें समावेशी और सतत विकास के लिए प्रेरित किया।

नवा रायपुर स्थित IIIT में आयोजित समारोह में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने ओजस्वी संबोधन से युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया। देशभर के 12 लाख और छत्तीसगढ़ के 30 हजार युवाओं में से चयनित 471 प्रतिभागियों को उन्होंने “भविष्य का आर्थिक दूत” बताते हुए बधाई दी।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बजट को समझना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। आमतौर पर लोग यह जानने की कोशिश नहीं करते कि बजट कैसे बनता है, पैसा कहाँ से आता है और उसका उपयोग कैसे होता है, जबकि यह समझना बेहद जरूरी है।

उन्होंने युवाओं को देश की आर्थिक व्यवस्था, सरकारी कार्यप्रणाली और बजट की गहराई को समझने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समस्याओं के लिए सरकार को दोष देने से पहले उसके कारणों को समझना चाहिए।

कार्यक्रम में देश में हो रहे तेजी से विकास जैसे एक्सप्रेस-वे, फ्लाईओवर, वंदे भारत ट्रेन और बुलेट ट्रेन परियोजना का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने बताया कि ये सभी सुविधाएं जनता से प्राप्त टैक्स के माध्यम से ही संभव हो पाती हैं।

छत्तीसगढ़ में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में हुई प्रगति का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में IIM, IIT, HNLU और AIIMS जैसे संस्थानों की स्थापना हुई है और मेडिकल कॉलेजों की संख्या 1 से बढ़कर 15 हो चुकी है, जो जल्द ही और बढ़ेगी।

कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, IIIT निदेशक डॉ. ओपी व्यास, जिला पंचायत सीईओ विश्रंजन, नितिन शर्मा, अर्पित तिवारी सहित प्रदेशभर से आए छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment