रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने ‘अटल आरोग्य लैब’ की शुरुआत की है। इस पहल को लेकर भारतीय जनता पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ, रायपुर जिला ने खुशी जताई है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का आभार व्यक्त किया है।
प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. सत्येन्द्र पाण्डेय, सह संयोजक डॉ. मनोज सिंह ठाकुर और डॉ. कृष्णदास मानिकपुरी ने कहा कि यह योजना राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने वाली साबित हो सकती है। उनका मानना है कि सरकार का यह प्रयास खासकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों के लोगों के लिए बेहद लाभकारी होगा।
सरकारी जानकारी के अनुसार, ‘अटल आरोग्य लैब’ को चरणबद्ध तरीके से राज्य की 1051 स्वास्थ्य संस्थाओं तक विस्तारित किया जा रहा है। इसमें जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) शामिल हैं।
इस योजना के तहत मरीजों को अब अपने नजदीकी अस्पताल में ही कई तरह की जांच सुविधाएं निःशुल्क मिलेंगी। जिला अस्पतालों में लगभग 134 तरह की जांच, सिविल अस्पतालों में 111, CHC में 97 और PHC स्तर पर 64 प्रकार की जांच उपलब्ध कराई जाएगी।
सबसे खास बात यह है कि जांच रिपोर्ट मरीजों को सीधे उनके मोबाइल फोन और व्हाट्सएप पर भेजी जाएगी। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि मरीजों को बार-बार अस्पताल के चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी।
चिकित्सा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने इसे जनहित में एक अहम पहल बताते हुए कहा कि समय पर जांच की सुविधा मिलने से मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह योजना “स्वस्थ छत्तीसगढ़, समृद्ध छत्तीसगढ़” के लक्ष्य को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।



