बीजापुर, 07 अप्रैल 2026: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर राजनीतिक बवाल तेज हो गया है। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने सोमवार को जिला मुख्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर भाजपा नेताओं पर प्राकृतिक संसाधनों की लूट का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों का दोहन चरम पर पहुंच गया है।
अवैध खनन के केंद्र बने गांव मंडावी ने भोपालपट्टनम और उसूर क्षेत्र के तारलगुड़ा, बेलचर, कडेर, तिमेड़ और मिरतुर जैसे गांवों का जिक्र करते हुए दावा किया कि यहां बिना वैध प्रक्रिया और ग्राम सभा की सहमति के रेत का अवैध उत्खनन हो रहा है। भाजपा नेताओं की मिलीभगत से पंचायतों पर दबाव बनाकर खदानों पर कब्जा किया गया है, जिससे पंचायतों को होने वाली आय का एक पैसा भी नहीं मिल रहा।
एक रॉयल्टी पर कई ट्रक, राजस्व को चूना
विधायक ने खुलासा किया कि एक ही रॉयल्टी पर्ची पर कई ट्रकों से रेत पड़ोसी राज्यों में भेजी जा रही है, जो पूरी तरह अवैध है। इससे शासन को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है और स्थानीय लोग महंगे दामों पर रेत खरीदने को मजबूर हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और खनिज विभाग पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए तत्काल जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
मंडावी ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस जनआंदोलन छेड़ देगी। इस मुद्दे पर भाजपा की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।







