अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। एक 45 वर्षीय महिला के साथ न सिर्फ दुष्कर्म किया गया, बल्कि उसके बाद बेहद बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई। घटना की क्रूरता ने लोगों के मन में डर और गुस्सा दोनों पैदा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में महामाया प्रवेश द्वार के पास रिंग रोड किनारे स्थित एक झोपड़ीनुमा मटन दुकान के पीछे महिला का शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर पुलिस और स्थानीय लोग भी सन्न रह गए। महिला के गले पर किसी धारदार हथियार से वार किए गए थे और उसके सिर को बुरी तरह कुचल दिया गया था।
सबसे ज्यादा झकझोर देने वाली बात यह रही कि शव के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया था, जो इस अपराध की क्रूरता को और बढ़ाता है। पुलिस ने इसे बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला मानते हुए जांच तेज कर दी है।
मृतका की पहचान लखनपुर की रहने वाली महिला के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ वर्षों से अंबिकापुर के गंगापुर इलाके में अपने बेटे के साथ रह रही थी।
जांच के दौरान पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से अहम सुराग मिले हैं। फुटेज में महिला एक व्यक्ति के साथ रात करीब 1 बजे घटनास्थल की ओर जाती दिखाई दे रही है। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान “पांडा उर्फ मिथुन” के रूप में की है और उसकी तलाश जारी है।
इस जघन्य वारदात ने राजनीतिक हलकों में भी हलचल मचा दी है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए शर्मनाक हैं और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर एंगल से जांच जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।







