JEE Mains में हाईटेक चीटिंग: चप्पल के अंदर छिपाया मोबाइल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भिलाई में आयोजित JEE Mains परीक्षा के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां एक परीक्षार्थी ने नकल के लिए बेहद चालाक तरीका अपनाया—लेकिन उसकी चालाकी ज्यादा देर तक छिप नहीं पाई।

जानकारी के मुताबिक, सिरसाकला भिलाई-3 स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज में 2 अप्रैल को परीक्षा आयोजित की गई थी। पहली पाली में शामिल एक छात्र, आदित्य कुमार, ने बायो ब्रेक के दौरान वॉशरूम में अपनी चप्पल के अंदर मोबाइल फोन छिपा लिया।

शुरुआत में जब वह परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर रहा था, तब सुरक्षा जांच के दौरान उसने खुद ही चप्पल उतार दी थी, जिससे शक की कोई गुंजाइश नहीं रही। परीक्षा के दौरान भी वह सामान्य तरीके से बैठा रहा।

लेकिन असली ट्विस्ट तब आया, जब वह बायो ब्रेक से लौट रहा था।

करीब 11:28 बजे जब वह वॉशरूम से बाहर निकला और अपनी लैब की ओर जा रहा था, तो उसकी चाल ने सबका ध्यान खींच लिया। वह चप्पल को घसीटते हुए चल रहा था, जो सामान्य नहीं था। ड्यूटी पर मौजूद गार्ड को शक हुआ और उन्होंने तुरंत चप्पल की जांच करवाई।

जैसे ही चप्पल को चेक किया गया, उसमें से मोबाइल फोन बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि चप्पल को काटकर उसके अंदर मोबाइल छिपाया गया था।

मामले की जानकारी तुरंत परीक्षा केंद्र के अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया और छात्र को हिरासत में लेकर पुरानी भिलाई थाने ले जाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह घटना एक बार फिर परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था और नकल के नए-नए तरीकों पर सवाल खड़े करती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment