रायपुर। मार्च का आधा महीना बीत चुका है और महीने की शुरुआत से ही देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर महसूस होने लगा है। दोपहर होते ही तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, कुछ इलाकों में मौसम अभी भी बदला-बदला नजर आ रहा है और वहां बारिश व बर्फबारी का सिलसिला जारी है।
इसी बीच मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के मौसम को लेकर अहम अपडेट जारी किया है। विभाग के मुताबिक 16 मार्च को प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है, वहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। हवा की रफ्तार लगभग 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, जशपुर, धमतरी, गरियाबंद, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और सुकमा जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। इन जिलों में तेज हवाओं के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
बारिश और हवाओं के कारण मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के इलाकों में गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल प्रदेश का तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो इस समय प्रदेश में सबसे ज्यादा है। वहीं अंबिकापुर में बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सबसे कम रहा।
विशेषज्ञों का कहना है कि बस्तर संभाग में बारिश और तेज हवाओं के प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।







