छत्तीसगढ़ में ठगी और लूट के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और अब आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि भी इनके निशाने पर आ रहे हैं।
ताजा मामला बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा का सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ ठगों ने खुद को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का PA बताकर विधायक से संपर्क किया और डीजल डलवाने के नाम पर उनसे पैसे ट्रांसफर करवा लिए।
जानकारी के मुताबिक, ठगों ने दो बार में 4,500 और 5,500 रुपये यानी कुल 10,000 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराए। ये पैसे विधायक पुरंदर मिश्रा ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए भेजवाए थे।
बाद में जब जांच की गई तो पता चला कि जिस व्यक्ति के नाम पर कॉल किया गया था, वह असली में न तो PA था और न ही उससे कोई संबंध था।
इसके बाद नारायण मिश्रा की शिकायत पर खमहरडीह थाने में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है।
विधायक ने उस मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी भी पुलिस को दी है, जिनका इस्तेमाल ठगों ने पैसे लेने में किया था।





