BJP महिला नेता संगीता रजक की मौत: अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के रांझी थाना क्षेत्र स्थित न्यू शोापुर में शनिवार देर रात एक दुखद घटना सामने आई। भाजपा से जुड़ी महिला नेता संगीता रजक की अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली लगने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच संगीता रजक के घर के बाहर कुछ लोगों के बीच विवाद और शोर-शराबा हो रहा था। आवाज सुनकर संगीता अपने पति बंटी रजक के साथ घर से बाहर निकलीं। दोनों ने वहां मौजूद लोगों को समझाने और शांत रहने के लिए कहा, लेकिन माहौल तनावपूर्ण हो गया।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान संगीता रजक घर के अंदर गईं और अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर बाहर आईं। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, अफरा-तफरी और जल्दबाजी के बीच पिस्टल का ट्रिगर दब गया, जिससे गोली सीधे उनके पेट में लग गई। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ीं।

परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए हैदराबाद ओमेगा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

रांझी थाना पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला हादसे के रूप में सामने आया है, लेकिन सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि देर रात घर के बाहर विवाद किस कारण से हो रहा था।

पार्षद चुनाव लड़ चुकी थीं संगीता रजक

संगीता रजक ने पिछले नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के टिकट पर गोकलपुर वार्ड से पार्षद पद का चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें जीत नहीं मिली थी। बताया जा रहा है कि वह आगामी चुनाव की तैयारियों में भी सक्रिय थीं।

उनके पति बंटी रजक भी भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं। वे विधायक प्रतिनिधि, वीर सावरकर मंडल के उपाध्यक्ष और बूथ अध्यक्ष जैसी जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।

पहले भी हो चुकी थीं धमकी जैसी घटनाएं

पुलिस के अनुसार जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि कुछ समय पहले अज्ञात लोगों ने उनके घर के बाहर बम फेंकने और उनकी कार में तोड़फोड़ करने की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। अब पुलिस इन घटनाओं और शनिवार रात हुए विवाद के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने संगीता रजक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment