रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में राजिम कुंभ (कल्प) मेला 2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह धार्मिक आयोजन पूरी गरिमा, दिव्यता और सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ संपन्न होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि 1 से 15 फरवरी 2026 तक गरियाबंद जिले के त्रिवेणी संगम में आयोजित होने वाले राजिम कुंभ में देश-प्रदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
मंत्री अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि मेला शुरू होने से पहले यानी 1 फरवरी तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, संगम स्नान के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल, जल प्रबंधन, यातायात और पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा, सड़कों की मरम्मत, संत-महात्माओं के लिए विश्राम गृह, कांवड़ियों के लिए शेड, चिकित्सा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, दाल-भात केंद्र, पेयजल व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, भक्ति संगीत, लोकनृत्य, अखाड़ा जुलूस, मीना बाजार और अन्य धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी भव्य रूप देने पर जोर दिया गया।
गरियाबंद कलेक्टर बी.एस. उइके ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक की गई तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। मंत्री ने कार्यों में तेजी लाने और आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।
बैठक में महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक रोहित साहू एवं इंदर साहू, धर्मस्व विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, रायपुर संभाग आयुक्त महादेव कावरे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।







