रायपुर।राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने से पहले गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय में हलचल तेज हो गई है। नए सिस्टम के तहत रायपुर के पहले पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस अहम जिम्मेदारी के लिए तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम सबसे आगे चल रहे हैं।
सबसे प्रबल दावेदारों में बिलासपुर रेंज के आईजी संजीव शुक्ला, वरिष्ठ आईपीएस बद्री नारायण मीणा और दीपक कुमार झा शामिल हैं। बद्री नारायण मीणा इससे पहले रायपुर के एसएसपी रह चुके हैं और सख्त कानून-व्यवस्था तथा प्रशासनिक पकड़ के लिए जाने जाते हैं। वहीं दीपक कुमार झा की पहचान एक अनुशासित और फील्ड-ओरिएंटेड अफसर के रूप में है।
इसके अलावा अजय यादव, सुंदरराज पी और अमरेश मिश्रा जैसे वरिष्ठ अधिकारी भी पहले इस रेस में माने जा रहे थे।
सरकार की प्राथमिकता क्या है?
पुलिस मुख्यालय से जुड़े सूत्रों के अनुसार सरकार ऐसे अधिकारी को कमिश्नर बनाना चाहती है, जो शुरुआती चरण में नई व्यवस्था को मजबूती से खड़ा कर सके। हालांकि यह भी सामने आया है कि कुछ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों ने यह जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया है। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि पुलिस कमिश्नर के अधिकार फिलहाल सीमित रखे गए हैं।
नई व्यवस्था के तहत कमिश्नर का अधिकार क्षेत्र केवल शहरी सीमा तक सीमित रहेगा, जिसमें करीब 22 थाने शामिल होंगे। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के 11 थानों की निगरानी के लिए अलग से एसएसपी की तैनाती की जाएगी।
एडिशनल कमिश्नर के लिए डॉ. लाल उम्मेद सिंह आगे
एडिशनल पुलिस कमिश्नर पद के लिए वर्तमान रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह को शासन की पहली पसंद माना जा रहा है। उन्हें पदोन्नति देकर इस नई व्यवस्था में अहम भूमिका दी जा सकती है। माना जा रहा है कि कमिश्नरेट सिस्टम को सफल बनाने के लिए अनुभवी अधिकारियों की मजबूत टीम तैयार की जा रही है।
23 जनवरी से लागू होगी कमिश्नरी व्यवस्था
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने करीब छह महीने पहले रायपुर में पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू करने की घोषणा की थी। इसके लिए आईपीएस प्रदीप गुप्ता की अध्यक्षता में गठित समिति ने ओडिशा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों के मॉडल का अध्ययन किया था।
कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद 23 जनवरी से रायपुर में यह व्यवस्था लागू होने जा रही है। इसी दिन पुलिस कमिश्नर कार्यालय के उद्घाटन की भी संभावना है।
तबादलों को लेकर भी हलचल
कमिश्नरी लागू होने से पहले राज्य में बड़े स्तर पर आईपीएस अफसरों के तबादलों की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक कवर्धा के एसपी धर्मेंद्र सिंह चवाई को मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर भेजा जा सकता है।
तमनार हिंसा के बाद सख्त कार्रवाई के लिए चर्चित शशि मोहन सिंह को रायगढ़ का नया एसएसपी बनाए जाने की संभावना है।
इसके अलावा विजय अग्रवाल को कोरबा, डॉ. संतोष सिंह को दुर्ग, हरीश राठौर को मुंगेली, भावना पांडेय को बेमेतरा, रामकृष्ण साहू को सूरजपुर और भोजराम पटेल को सारंगढ़-बिलाईगढ़ भेजे जाने के संकेत हैं। वहीं प्रशांत ठाकुर और सिद्धार्थ तिवारी को पुलिस मुख्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिल सकती हैं।







