नववर्ष समारोह को लेकर अलर्ट मोड में रायपुर पुलिस

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।नए साल के आगमन पर राजधानी रायपुर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में सिविल लाइन स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने जिले की कानून-व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी थाना प्रभारी, सीएसपी और एएसपी मौजूद रहे। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नववर्ष के जश्न के दौरान किसी भी तरह की अराजकता, अपराध या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नए साल की पार्टियों, होटल, क्लब, फार्म हाउस और निजी आयोजनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए क्राइम ब्रांच और संबंधित थानों की संयुक्त टीमों को तैनात किया जाएगा। सड़कों पर हुड़दंग, नशे में वाहन चलाने, अवैध आयोजनों और अनियंत्रित भीड़ पर रोक लगाने के लिए विशेष गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

बैठक के दौरान जिन थानों में लंबित अपराध प्रकरणों की संख्या अधिक पाई गई, वहां के थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि शहरवासी नए साल का जश्न सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में मना सकें। इसके लिए पुलिस बल को पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment