सनातन विरोध के आरोप में भाजयुमो का उग्र प्रदर्शन, भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव का पुतला दहन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बलरामपुर।सनातन धर्म और साधु-संतों के कथित अपमान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शनिवार को बलरामपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन भाजयुमो की प्रदेश इकाई के आह्वान पर आयोजित किया गया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजयुमो जिलाध्यक्ष मंगलम पांडेय ने कांग्रेस नेताओं पर सनातन धर्म के खिलाफ लगातार बयानबाजी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल सहित कांग्रेस के कई नेता साधु-संतों और धार्मिक परंपराओं का अपमान करते रहे हैं, जिसे युवा मोर्चा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगा।

भगवान राम और संतों के अपमान का आरोप

मंगलम पांडेय ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल ने अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा और पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का सार्वजनिक रूप से विरोध किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की यह बयानबाजी किसी पूर्व निर्धारित ‘स्क्रिप्ट’ का हिस्सा हो सकती है। पांडेय ने कांग्रेस पर भगवान राम और रामसेतु को काल्पनिक बताने जैसे आरोप भी लगाए।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद भी गांधी परिवार का दर्शन के लिए न जाना कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करता है।

कांग्रेस पर तीखा हमला

भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि जो लोग धर्मांतरण को बढ़ावा देने वालों को संरक्षण देते हैं, उन्हें सनातन धर्म पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सनातन धर्म का विरोध करने वाली कांग्रेस पार्टी अब सिमटकर कुछ राज्यों तक रह गई है और आने वाले समय में उसका राजनीतिक अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।

इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा बलरामपुर मंडल अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह सहित जगनारायण सिंह, नंदकिशोर गुप्ता, प्रमथ मलिक, विकास यादव, विक्रम गुप्ता, अमित सिंह, कृष्णा गुप्ता, अमन पांडेय, अभय गुप्ता, मुलायम सिंह, मनोज यादव, पुनीत गुप्ता समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment