बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले और दूसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब राज्य की 243 सीटों पर चुनावी जंग शुरू हो चुकी है। 6 नवंबर को पहले चरण की वोटिंग और 11 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान होगा, जबकि नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
इस बार का चुनाव दिलचस्प इसलिए भी है क्योंकि नामांकन खत्म होने के बावजूद INDIA गठबंधन (महागठबंधन) में सीट बंटवारे और सीएम फेस को लेकर असमंजस बना हुआ है। दूसरी ओर, एनडीए गठबंधन ने मैदान संभाल लिया है और प्रचार में आगे नजर आ रहा है।
NDA ने संभाली चुनावी कमान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गृह मंत्री अमित शाह ने प्रचार की शुरुआत कर दी है। 16 अक्टूबर से नीतीश कुमार की सभाओं का दौर शुरू हुआ, जबकि अमित शाह ने सारण और पटना में जनसभाएं कीं।
भाजपा ने 101 सीटों पर, जदयू ने 101 सीटों पर, चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 29 सीटों पर, जीतन राम मांझी की हम पार्टी और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएसपी ने 6-6 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।
16 अक्टूबर को योगी आदित्यनाथ ने पटना और सहरसा में सभा की, जबकि मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी बिहार पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अक्टूबर से अपनी रैली का आगाज़ करेंगे — वे अपनी पहली सभा पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के गांव से करेंगे।
INDIA गठबंधन में उलझन जारी
नामांकन खत्म होने के बाद भी INDIA गठबंधन सीट बंटवारे और उम्मीदवारों को लेकर उलझा हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक –
- राजद: 143 सीटें
- कांग्रेस: 60 सीटें
- वामदल: 30 सीटें
- वीआईपी पार्टी: 15 सीटें
- अन्य दल: 3 सीटें
लेकिन कई सीटों पर राजद और कांग्रेस के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। राजद ने 143 सीटों पर, कांग्रेस ने 60 पर और लेफ्ट ने 30 पर प्रत्याशी उतारे हैं।
महागठबंधन में अब तक कोई साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं हुई और न ही सीएम फेस का ऐलान किया गया है।
प्रचार में पीछे रहा विपक्ष
जहां NDA नेता एक के बाद एक जनसभाएं कर रहे हैं, वहीं INDIA गठबंधन के बड़े नेता जैसे तेजस्वी यादव और राहुल गांधी अब तक प्रचार मैदान में नहीं उतरे हैं। तेजस्वी ने अपने नामांकन के दौरान भी किसी गठबंधन साथी को साथ नहीं दिखाया।
विपक्ष ने पहले “वोट चोरी”, “बेरोजगारी” और “भ्रष्टाचार” जैसे मुद्दों को उठाया था, लेकिन चुनावी बिगुल बजने के बाद ये मुद्दे ठंडे पड़ गए हैं।
सीएम फेस को लेकर खींचतान
NDA ने औपचारिक रूप से सीएम फेस की घोषणा नहीं की है, लेकिन सभी दल नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं। पीएम मोदी और अमित शाह भी नीतीश को चेहरा मान रहे हैं।
वहीं, INDIA गठबंधन में तेजस्वी यादव के नाम पर मतभेद हैं। वामदल और वीआईपी उनके समर्थन में हैं, लेकिन कांग्रेस अभी भी खुलकर तेजस्वी को स्वीकार करने से बच रही है।
बिहार चुनाव 2025 में एक ओर जहां एनडीए प्रचार के हर मोर्चे पर आगे बढ़ रहा है, वहीं INDIA गठबंधन आंतरिक मतभेदों और सीट शेयरिंग विवाद में उलझा हुआ है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में कौन सा गठबंधन जनता का विश्वास जीत पाता है।



