छत्तीसगढ़ में लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीत लहर को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दिलीप सिंह चौहान ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए श्यामनगर स्थित वृद्ध आश्रम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां रह रहे वृद्धजनों को ठंड से बचाव के लिए कंबल, चादर एवं गर्म कपड़ों का वितरण किया।

इस अवसर पर दिलीप सिंह चौहान ने कहा कि वृद्ध आश्रम में निवास कर रहे बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और वे हमारे माता-पिता के समान हैं। जिस प्रकार हम अपने परिवार के बुजुर्गों का ध्यान रखते हैं, उसी प्रकार इनका सम्मान और सेवा करना भी हमारा नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वृद्धजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना कांग्रेस पार्टी की प्राथमिकता है।
इस सेवा कार्य में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव जीतू टांडी, धर्म साहू, प्रदीप यादव, मुकेश ठाकुर सहित कांग्रेस पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर बुजुर्गों के प्रति अपनत्व और सेवा भाव का परिचय दिया।

दिलीप सिंह चौहान ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के जनसेवा कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे और जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए कांग्रेस पार्टी हमेशा तत्पर रहेगी।







