रायपुर में यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष के घर के बाहर खड़ी दो कारों में आग, कार्यकर्ताओं में रोष

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। राजधानी रायपुर में राजनीतिक हलचल उस समय तेज हो गई, जब राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के रायपुर जिला अध्यक्ष विनोद कश्यप ‘भक्कू’ के घर के बाहर खड़ी दो कारों को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया। देर रात हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी नाराज़गी देखी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, महादेव घाट रोड स्थित उनके निवास के बाहर खड़े दोनों वाहन अचानक आग की लपटों में घिर गए। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक गाड़ियों को काफी नुकसान हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह घटना कानून-व्यवस्था की कमजोर स्थिति को दर्शाती है। उनका कहना है कि अगर पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत होती, तो इस तरह की वारदात को रोका जा सकता था।

 थाने के घेराव का ऐलान

घटना से आक्रोशित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शनिवार दोपहर 12 बजे तक महादेव घाट रोड स्थित डीडीनगर थाने पहुंचने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होती, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

वहीं पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस आगजनी की घटना के बाद शहर का राजनीतिक माहौल गरमा गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाज़ी और तेज होने की संभावना है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment