रायपुर: राजधानी रायपुर के ट्रैफिक सिस्टम को सुगम और सुरक्षित बनाने, तथा रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर फ्लाईओवर निर्माण की कार्ययोजना को गति दे दी है। उप मुख्यमंत्री, लोक निर्माण तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव की पहल पर आज जी.ई. रोड पर बहुप्रतीक्षित गुरू तेगबहादुर उद्यान से तेलीबांधा के नेताजी सुभाष चौक होते हुए गुरूनानक चौक तक फोरलेन फ्लाईओवर निर्माण के लिए 173 करोड़ रुपये की मंजूरी जारी की गई।
करीब 1.5 किमी लंबे और 16.61 मीटर चौड़े फोरलेन फ्लाईओवर के बन जाने से शंकर नगर चौक, केनाल रोड क्रॉसिंग और गुरूनानक चौक पर लंबे समय से बनी ट्रैफिक समस्या से राहत मिलेगी। नगर घड़ी चौक से यातायात सीधे तेलीबांधा थाने तक पहुंच सकेगा और वहीं से अटल एक्सप्रेस-वे के जरिए एयरपोर्ट तक निर्बाध कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।
फुंडहर चौक पर भी फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। इससे आगे अटल एक्सप्रेस-वे को व्हीआईपी रोड (एयरपोर्ट रोड) से जोड़ने के लिए फ्लाईओवर निर्माण की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है और इसके निर्माण की तैयारी तेज है।
इसके साथ ही पी.टी.एस. चौक में फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इन सभी फ्लाईओवर्स के तैयार हो जाने के बाद रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक की यात्रा और अधिक तेज, सुरक्षित एवं सुगम हो जाएगी।
रायपुर शहर के ट्रैफिक मैनेजमेंट में यह अब तक का सबसे बड़ा बुनियादी ढांचा सुधार अभियान माना जा रहा है।



