रो पड़ी बॉलीवुड इंडस्ट्री, धर्मेंद्र 89 साल की उम्र में दुनिया को कह गए अलविदा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बॉलीवुड के महान अभिनेता और ‘ही-मैन’ के नाम से पहचाने जाने वाले धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। सोमवार, 24 नवंबर 2025 की सुबह 89 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। उम्र-संबंधित बीमारियों से जूझ रहे धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से लगातार अस्वस्थ थे। पहले उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कई दिनों तक इलाज चला। स्वास्थ्य में सुधार न होने के चलते बाद में घर पर ही मेडिकल केयर जारी रही, परंतु आज उनकी तबीयत और बिगड़ गई और दुखद खबर सामने आई।

अभिनेता के निधन की पुष्टि फिल्म निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने सोशल मीडिया पर की। उन्होंने भावुक संदेश लिखते हुए कहा,
“एक युग का अंत हो गया है।”

धर्मेंद्र के घर के बाहर अंतिम दर्शन के लिए फिल्म जगत के कई जाने-माने चेहरे पहुंचे। अमिताभ बच्चन, देओल परिवार और कई बॉलीवुड सितारे गमगीन दिखाई दिए।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी श्रद्धांजलि संदेश जारी किया और कहा कि भारतीय सिनेमा ने आज अपना अनमोल रत्न खो दिया।

आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ होगी धर्मेंद्र की विदाई

बुढ़ापे के बावजूद धर्मेंद्र ने काम से दूरी नहीं बनाई। उनकी अंतिम फिल्म इक्कीस’, जो 25 दिसंबर को रिलीज़ होने वाली है, एक युवा शहीद आर्मी अधिकारी अरुण खेतरपाल की कहानी पर आधारित है। इसमें धर्मेंद्र ने शहीद सैनिक के पिता की भूमिका निभाई है, जबकि मुख्य किरदार में अगस्त्य नंदा नज़र आएंगे।

धर्मेंद्र ने अपने करियर में 300 से अधिक फिल्मों में काम किया, और भारतीय सिनेमा को ‘शोले’, ‘अनुपमा’, ‘सत्यकाम’, ‘चुपके-चुपके’ जैसी अनगिनत यादगार फिल्में दीं। उनके जाने से फिल्म जगत में गहरा खालीपन महसूस किया जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment