छत्तीसगढ़ में फिर भड़का धर्मांतरण विवाद, प्रार्थना सभा में पुलिस की दबिश, दो हिरासत में

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बालोद। रविवार को बालोद जिले के कलंगपुर गांव में एक प्रार्थना सभा के दौरान कथित अवैध धर्मांतरण की आशंका ने माहौल गरमा दिया। बजरंग दल की शिकायत के बाद रनचिराई पुलिस ने अचानक छापा मारा और मौके से दो लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। यह घटना जिले में धर्मांतरण को लेकर जारी विवादों की एक और कड़ी बन गई है।

सूत्रों के अनुसार, गांव के एक निजी परिसर में कई सप्ताह से हर रविवार प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। स्थानीय हिंदू संगठनों का आरोप है कि इन सभाओं का इस्तेमाल भोले-भाले ग्रामीणों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए किया जा रहा था। रविवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता अचानक सभा में पहुँचे और धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी।

सूचना मिलते ही रनचिराई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया और बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है। थाना प्रभारी राधा बोरकर ने कहा, “शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई। दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद ही आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।”

धर्मांतरण के मुद्दे पर जिले में पहले से तनाव मौजूद है। हाल ही में मसीही समाज द्वारा कब्रिस्तान की मांग को लेकर भी बड़ा विवाद खड़ा हुआ था, जिसका कई संगठनों ने विरोध किया था। लगातार उठते विवादों के कारण प्रशासन के लिए धार्मिक सौहार्द और शांति बनाए रखना एक चुनौती बनती जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment