दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, बजट से पहले बढ़ी सुरक्षा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

राजधानी दिल्ली में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ऐसे समय पर आई है जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को कुछ ही घंटों बाद बजट पेश करना था।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को उनके निजी ईमेल पर सुबह 7:28 और 7:49 बजे दो धमकी भरे मेल प्राप्त हुए। बताया जा रहा है कि यह दूसरा मौका है जब उन्हें इस तरह की धमकी मिली है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और भी सतर्क हो गई हैं।

ईमेल में खुद को खालिस्तानी समर्थक बताने वाले व्यक्ति ने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा सहित कई बड़े नेताओं का नाम लेकर धमकी दी है।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे क्षेत्र की बारीकी से तलाशी ली जा रही है।

फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह कड़ा कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश जारी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment