छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा केंद्र ने कक्षा 6 से 8 तक की अर्धवार्षिक परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव किया है। पहले ये परीक्षाएं 24 नवंबर से शुरू होने वाली थीं, लेकिन अब इन्हें आगे बढ़ाकर 8 दिसंबर से 13 दिसंबर के बीच कराने का निर्णय लिया गया है। परीक्षा समय-सारिणी भी नई जारी कर दी गई है।
तिथियों में बदलाव का मुख्य कारण प्रदेश में चल रहा एसआईआर अभियान बताया गया है। इस अभियान के लिए बड़ी संख्या में शिक्षकों को सरकारी ड्यूटी में लगाया गया है, जिसके चलते स्कूलों में नियमित पढ़ाई और कोर्स पूरा होने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। इसी वजह से समय पर परीक्षाएं करवा पाना मुश्किल हो गया था।
पहले जारी टाइम टेबल के अनुसार 24 नवंबर से परीक्षाएं होना तय थीं, लेकिन शिक्षक ड्यूटी की अधिकता के कारण अब इन्हें दो सप्ताह आगे बढ़ा दिया गया है। डीपीसी अधिकारियों ने भी कहा है कि एसआईआर कार्य के चलते परीक्षा तिथियों में संशोधन आवश्यक था और नया टाइम टेबल सभी जिलों को भेज दिया गया है।



