छत्तीसगढ़–आंध्र प्रदेश की सरहद पर सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में छह नक्सलियों को मार गिराए जाने की जानकारी सामने आई है। बस्तर का कुख्यात और ₹1 करोड़ का इनामी नक्सली कमांडर हिड़मा भी इस मुठभेड़ में ढेर होने की संभावना जताई गई है। बताया जा रहा है कि उसके साथ उसकी पत्नी राजे के भी मारे जाने के संकेत मिले हैं।
छत्तीसगढ़ में राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों द्वारा एंटी-नक्सल अभियान को लगातार तेज किया जा रहा है। इसी बीच सुकमा जिलें से यह बड़ी सफलता मिलने की बात कही जा रही है। इसके अलावा नक्सली शंकर, जो डीकेएसजीसी का सक्रिय सदस्य बताया जाता है, के भी मुठभेड़ में मारे जाने की खबर है।
जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश के ग्रेहाउंड कमांडो बीते कई दिनों से बॉर्डर इलाके में तलाशी अभियान चला रहे थे। मारेडुमिली क्षेत्र (जिला: अल्लूरी सीतारामराजू) में सोमवार तड़के पुलिस और माओवादियों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। बताया जाता है कि सुबह 6 से 7 बजे के बीच दोनों ओर से कई राउंड फायर हुए।
मुठभेड़ के बाद मौके से छह नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें एक शीर्ष माओवादी लीडर भी शामिल होने का अनुमान है। सुरक्षा बलों ने आसपास के घने इलाकों में सर्चिंग और कंबिंग ऑपरेशन को और तेज कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, छत्तीसगढ़–आंध्र–ओडिशा सीमा पर हाल ही में नक्सली गतिविधियों में बढ़ोतरी के बाद ऑपरेशन को और आक्रामक बनाया गया था। राज्य के डीजीपी हरीश कुमार गुप्ता लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और उन्होंने सुरक्षा बलों को अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।







