अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय मोतीलाल वोरा की पत्नी शांति देवी वोरा का निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं और लंबे समय से अस्वस्थ थीं। उनके निधन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों और राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दुर्ग स्थित शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। शांति देवी वोरा, दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा की माता थीं और लंबे समय से सार्वजनिक जीवन से दूर रह रही थीं।

परिजनों के मुताबिक, शांति देवी वोरा का अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के दुर्ग पहुंचने की संभावना है।
शांति देवी वोरा के निधन पर राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। कांग्रेस नेताओं ने उनके निधन को पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।







