जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लखनऊ की रहने वाली डॉक्टर शाहीन शाहिद को आतंकवादी नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। शाहीन की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को उसके पास से AK-47 राइफल, पिस्तौल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद हुए हैं। ये हथियार उसकी कार से मिले हैं।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि शाहीन का संबंध आतंकी डॉक्टर मुजम्मिल शकील से था, जो पहले फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल में पकड़ा गया था। शाहीन, मुजम्मिल की गर्लफ्रेंड बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों का नेटवर्क पाकिस्तान में बैठे आतंकियों जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसार गजवत-उल-हिंद (AGuH) से जुड़ा हुआ है।
एजेंसियों को शाहीन के डिजिटल डिवाइसेस, बैंक ट्रांजेक्शन और विदेशी कनेक्शन की जांच में कई संदिग्ध नेटवर्क्स के लिंक मिले हैं। शुरुआती रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह मॉड्यूल भारत के विभिन्न हिस्सों में आतंकियों की फंडिंग और लॉजिस्टिक सपोर्ट के काम में सक्रिय था।
सूत्रों के मुताबिक, शाहीन पहले फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़ी हुई थी, जहां वह किसी शैक्षणिक प्रोजेक्ट या स्वास्थ्य सेवा से संबद्ध थी। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इस यूनिवर्सिटी का इस्तेमाल आतंकियों की फंडिंग के लिए किया जा रहा था या नहीं।
फिलहाल जम्मू-कश्मीर पुलिस, एनआईए और अन्य केंद्रीय एजेंसियां इस केस में मिलकर काम कर रही हैं। बताया जा रहा है कि जांच अब लखनऊ, अलीगढ़, दिल्ली और कश्मीर तक फैले नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी है।
पुलिस का दावा:“डॉ. शाहीन शाहिद के संपर्क में कई संदिग्ध नेटवर्क थे, जिनकी डोर सीधे पाकिस्तान में बैठे आतंकियों सेजुड़ी है।”


