दमन-दीव और दादरा नगर हवेली के स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपना परचम लहराते हुए अभूतपूर्व जीत दर्ज की है। पंचायत से लेकर नगर परिषद तक भाजपा ने लगभग सभी सीटों पर कब्जा जमाकर विपक्ष को पूरी तरह से हाशिये पर ला दिया। यह नतीजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे सुशासन, विकास और जनकल्याण की नीतियों पर जनता के अटूट विश्वास को दर्शाते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस जीत पर जनता का आभार जताते हुए कहा कि दमन, दीव और दादरा नगर हवेली के भाइयों-बहनों ने विकास और पारदर्शिता के मार्ग को चुनकर भाजपा के प्रति अपना विश्वास मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि यह जीत भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन का परिणाम है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संजय मायुख ने कहा कि यह जीत जनता के बीच भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर जनता के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा, “भाजपा हर चुनाव को समान रूप से महत्वपूर्ण मानती है, चाहे वह छोटा हो या बड़ा, क्योंकि हर चुनाव जनता के विश्वास की परीक्षा होता है।”
चुनाव परिणामों के अनुसार, भाजपा ने जबरदस्त प्रदर्शन किया —
दमन जिला पंचायत में 16 में से 15 सीटों पर भाजपा का कब्जा।
नगर परिषद की 15 में से 14 सीटों पर भाजपा की जीत।
दीव जिला पंचायत की सभी 8 सीटें भाजपा ने जीतीं।
दादरा एवं नगर हवेली पंचायत में 26 में से 24 सीटें भाजपा के खाते में गईं।
वहीं नगर परिषद की सभी 15 सीटें भी भाजपा ने अपने नाम कीं।
यह जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि जनता के भरोसे की पुनः पुष्टि है। भाजपा के नेताओं का कहना है कि यह नतीजे केंद्र सरकार की विकास योजनाओं, गरीब कल्याणकारी नीतियों और जनसेवा की भावना का परिणाम हैं।
भाजपा के कार्यकर्ताओं ने इस जीत को प्रधानमंत्री मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के नारे की सच्ची मिसाल बताया है। इन चुनावों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भाजपा न केवल राष्ट्रीय स्तर पर, बल्कि स्थानीय स्तर पर भी जनता के दिलों में गहरी पैठ बना चुकी है।






