सोने-चांदी के व्यापारी की साजिशन हत्या से दुर्ग में हड़कंप, कचरा गाड़ी में डालकर की गई थी निर्मम मारपीट — 8 आरोपी गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में शनिवार को हुई एक सराफा कारोबारी की बर्बर हत्या ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। घटना दुर्ग के शीतल नगर की है, जहां सराफा व्यवसाय से जुड़े संतोष आचार्य की घर में घुसकर आठ हमलावरों ने हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि यह घटना पुराने लेन-देन विवाद से जुड़ी हो सकती है।

सूत्रों के अनुसार, शनिवार दोपहर संतोष आचार्य घर पर अकेले थे, तभी आठ युवक लोहे की रॉड और डंडों से लैस होकर घर में घुसे। उन्होंने मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और संतोष पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने लात-घूंसों और डंडों से बेरहमी से पिटाई की, जिससे संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए।

हमलावर यहीं नहीं रुके — उन्होंने संतोष को घसीटकर घर से बाहर लाया और पास खड़ी एक कचरा गाड़ी में डाल दिया। इसके बाद वे उन्हें सराफा लाइन इलाके में ले गए, जहां दोबारा हमला कर बुरी तरह मारा-पीटा। लगातार पिटाई से संतोष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। कई दुकानदारों ने सुरक्षा की चिंता में अपनी दुकानें समय से पहले बंद कर दीं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे पुराना आर्थिक विवाद मुख्य कारण माना जा रहा है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना की साजिश के हर पहलू की तहकीकात की जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment