बालको सेवानीवृत मैत्री संघ, कोरबा ने हाल ही में नवगठित बालको सेवानीवृत कर्मचारी संगठन (बीएसकेएस) द्वारा लगाए गए जबरदस्ती क्वार्टर खाली कराने के आरोपों को पूरी तरह से भ्रामक, तथ्यों से परे और गलत बताया है।
संघ ने कहा कि बालको प्रबंधन हमेशा से अपने कर्मचारियों और सेवानीवृत साथियों के प्रति सम्मानजनक और मानवीय दृष्टिकोण रखता आया है। संगठन ने सभी से कंपनी के नियमों और अनुशासन का पालन करते हुए सहयोग बनाए रखने की अपील की है, ताकि परिसर में बालको की परंपरा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।
जानकारी के अनुसार, जनप्रतिनिधियों के आग्रह पर बालको प्रबंधन ने किसी भी प्रकार की कार्यवाही को फिलहाल स्थगित रखा है। साथ ही सभी सुविधाएँ पूर्ववत बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उसका उद्देश्य किसी भी सेवानीवृत कर्मचारी को परेशान करना नहीं है, बल्कि कंपनी की संपत्तियों — जैसे क्वार्टर या आवास — का नियमों के अनुसार पुनः अधिग्रहण करना है, ताकि उन्हें वर्तमान पात्र कर्मचारियों को आवंटित किया जा सके।
बालको प्रबंधन ने यह भी कहा कि कर्मचारियों और सेवानिवृत सदस्यों के बीच आपसी सम्मान, अनुशासन और सहयोग की भावना को बनाए रखना ही कंपनी की प्राथमिकता है। इससे परिसर में सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल कायम रहेगा तथा बालको की गरिमा और कार्यसंस्कृति बनी रहेगी।







