अमित शाह ने मैथिली ठाकुर के लिए किया प्रचार, लालू-राहुल पर साधा निशाना, कहा- अब कोई कुर्सी खाली नहीं

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र गृह मंत्री अमित शाह ने दरभंगा के अलीनगर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर के लिए वोट की अपील की और विपक्षी दलों राजद और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि “मिथिला की पवित्र धरती से मैं स्वर्गीय स्वर कोकिला शारदा सिन्हा जी को नमन करता हूं। पीएम मोदी ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न और स्वर कोकिला शारदा सिन्हा को पद्म विभूषण देकर मिथिला का मान बढ़ाया है।”

लालू और सोनिया को दिया सीधा संदेश

अमित शाह ने कहा, “लालू यादव और सोनिया गांधी सुन लें, प्रधानमंत्री की कुर्सी मोदी जी के पास है और मुख्यमंत्री की कुर्सी नीतीश जी के पास। कोई सीट खाली नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि लालू-राबड़ी शासन में बिहार घोटालों का गढ़ बन गया था — चाहे वह बाढ़ राहत घोटाला हो या लैंड फॉर जॉब घोटाला।

उन्होंने कहा कि “कांग्रेस सरकार ने 2004 से 2014 के बीच 12 लाख करोड़ के घोटाले किए। ऐसे लोगों से बिहार और देश का भला नहीं हो सकता।”

‘मिथिला की बेटी’ मैथिली ठाकुर को जिताने की अपील

अमित शाह ने कहा, “पिछले चुनाव में मिथिलावासियों ने 10 में से 9 सीटें एनडीए को दी थीं। इस बार 10 की 10 सीटें एनडीए की झोली में डालिए। मिथिला की बेटी मैथिली ठाकुर को जिताइए, जो प्रदेश का सम्मान बढ़ाएगी।”

‘परिवारवाद नहीं, प्रतिभा को मौका देती है भाजपा’

अमित शाह ने कहा कि भाजपा युवाओं को राजनीति में मौका देती है। “हमने बिना किसी राजनीतिक बैकग्राउंड की 25 वर्षीय मैथिली ठाकुर को टिकट दिया है। लेकिन लालू यादव अपने बेटे तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया गांधी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री। भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो परिवारवाद की राजनीति नहीं करती,” उन्होंने कहा।

पीएफआई पर बैन और आतंकवाद पर सख्त रुख

शाह ने कहा, “मोदी सरकार ने देश में आतंकवाद को खत्म करने का काम किया। पीएफआई (PFI) पर बैन लगाकर उसे जेल में डाला गया। लेकिन अगर लालू या राहुल की सरकार आई तो ये लोग जेल से बाहर आ जाएंगे।”

दरभंगा में विकास की नई राह

अमित शाह ने कहा कि “2027 तक भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। दरभंगा में मेट्रो सेवा शुरू होगी, नया रेलवे स्टेशन और कमला नदी पर पुल बन रहा है। दरभंगा एम्स से अब किसी को दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। 44 लाख गरीबों के घर बन चुके हैं, 20 लाख और घर जल्द स्वीकृत होंगे।”

उन्होंने बताया कि “मखाना बोर्ड की स्थापना और पश्चिमी कोसी नहर का निर्माण बिहार को बाढ़ मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।”

मतदान की अपील

गृह मंत्री ने सभा में मौजूद लोगों से कहा, “पहले मतदान करें फिर जलपान करें।” उन्होंने 6 और 12 नवंबर को होने वाले मतदान में एनडीए प्रत्याशियों को वोट देने की अपील की।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment