राहुल गांधी बोले – बिहार में नीतीश सिर्फ नाम के सीएम, भाजपा चला रही है रिमोट से सरकार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

महागठबंधन के घोषणा पत्र जारी होने के बाद अब चुनावी जंग में पूरी ताकत झोंक दी गई है। आज राहुल गांधी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर के सकरा विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उनके साथ वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद रहे।

तेजस्वी यादव ने अपने भाषण की शुरुआत में ही एनडीए सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “अब बिहार की जनता इस खटारा सरकार से उब चुकी है।” उन्होंने कहा कि अब समय है नए और युवाओं के बिहार को बनाने का।

वहीं राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा, “मैं देश में जहां भी जाता हूं, वहां बिहार के मेहनती युवा मिलते हैं। उन्होंने दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जैसे शहरों को बनाया, लेकिन अब वक्त है कि वे अपने बिहार को भी संवारें।”

राहुल गांधी ने नीतीश कुमार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा,

> “20 साल से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं, लेकिन बिहार की हालत वही है। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की स्थिति बेहद खराब है। भाजपा सिर्फ उनके चेहरे का इस्तेमाल कर रही है, जबकि असली रिमोट कंट्रोल भाजपा के हाथ में है।”

उन्होंने कहा कि बिहार को अब ऐसा नेतृत्व चाहिए जो पलायन नहीं, बल्कि रोजगार और विकास की दिशा में काम करे।

महागठबंधन का उत्साह:

मुजफ्फरपुर की सकरा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी उमेश कुमार राम, जबकि नगर विधानसभा से कांग्रेस विधायक विजेंद्र चौधरी राहुल गांधी की सभा में मंच पर मौजूद रहे। इस जनसभा को लेकर पहले से ही भारी तैयारियां की गई थीं। कार्यकर्ताओं में खासा जोश और उत्साह देखने को मिला।

भाजपा का पलटवार:

इधर भाजपा नेता अमित मालवीय ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि “राहुल गांधी को कोलंबिया में छुट्टियां मनाने का समय है, लेकिन बिहार की जनता की परवाह करने का नहीं। दो महीने बाद वे चुनाव याद करने लौटे हैं।”

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment